संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता।
बरहरवा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिवस पर प्रखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्सव को जनसेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए विविध कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत टुडू के नेतृत्व में आयोजित समारोह में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर केक काटा और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने राहुल गांधी के सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर किए जा रहे संघर्ष को रेखांकित करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं।जन्मदिवस समारोह के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक सेवा का संदेश देते हुए बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों का हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस पहल को उपस्थित लोगों ने मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा सराहनीय प्रयास बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान शामिल हुए। उन्होंने राहुल गांधी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनसेवा, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
समारोह में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद थे।









