राज्यसभा चुनाव: बसों में सवार होकर विधानसभा पहुंचे NDA और इंडिया गठबंधन के विधायक, आज होगा राजनीतिक किस्मत का फैसला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ची: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए शुक्रवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान को लेकर राजधानी रांची में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। एनडीए और इंडिया गठबंधन के विधायक अपने-अपने ठिकानों से बसों में सवार होकर झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां मतदान प्रक्रिया जारी है।

विधानसभा परिसर पहुंचते ही दोनों खेमों के विधायकों ने मीडिया के सामने जीत का भरोसा जताया। कई विधायक विक्ट्री साइन दिखाते नजर आए और अपनी-अपनी जीत के दावे करते रहे। मतदान को लेकर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

इंडिया गठबंधन के नेताओं ने दावा किया कि गठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है और दोनों सीटों पर उनके उम्मीदवारों की जीत तय है। नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन लगातार मजबूती से आगे बढ़ रहा है और राज्यसभा चुनाव में भी इसका असर दिखेगा।

दूसरी ओर भाजपा और एनडीए खेमे में भी उत्साह का माहौल है। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत को लेकर एनडीए विधायक आश्वस्त नजर आए। विधानसभा पहुंचते समय कई नेताओं ने जीत का दावा करते हुए मीडिया से बातचीत की।

गौरतलब है कि झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए इस बार तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। झामुमो की ओर से बैद्यनाथ राम, कांग्रेस की ओर से प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नाथवानी चुनाव लड़ रहे हैं।

राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 28 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है। मौजूदा राजनीतिक गणित के अनुसार इंडिया गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है, जबकि एनडीए के पास 24 विधायक हैं। ऐसे में चुनावी मुकाबला काफी रोचक हो गया है और सभी की नजरें अब मतदान के बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं कि क्या संख्या बल के आधार पर दोनों सीटें इंडिया गठबंधन के खाते में जाएंगी या फिर क्रॉस वोटिंग चुनावी समीकरण बदल देगी। इसका जवाब मतगणना के बाद ही सामने आएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें