पोस्टिंग के तीसरे दिन ही मौत के मुंह में समा गया जवान, नामकुम स्टेशन के पास RPF जवान की सिर कटी लाश बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची: राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक के किनारे एक आरपीएफ जवान का सिर कटा शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन में की गई थी। गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच घटना होने की आशंका जताई जा रही है। जवान ड्यूटी की वर्दी में था और उसका सिर धड़ से अलग पाया गया। घटनास्थल से उसका बैग भी बरामद किया गया है।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। रेलवे पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक जवान की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मामला ट्रेन हादसे का है, आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पोस्टिंग के महज तीन दिन बाद जवान की इस रहस्यमय और दर्दनाक मौत ने रेलवे सुरक्षा बल के जवानों और पूरे रेलवे महकमे को झकझोर कर रख दिया है। घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब अब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

संथाल हूल एक्सप्रेस न्यूज़ के लिए यह एक बड़ी खबर है। मामले से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुंचाते रहेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें