धनबाद के खुशरी मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा, हाईवा की टक्कर से एक की मौत, महिला गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धनबाद। निरसा थाना क्षेत्र के खुशरी मोड़ के समीप मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांड्रा गांव निवासी 60 वर्षीय मनोज सिन्हा स्कूटर से निरसा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान गांव की ही रहने वाली वीणा घोष ने उनसे लिफ्ट ली थी। दोनों स्कूटर से खुशरी मोड़ की ओर बढ़ रहे थे, तभी सामने से आ रहे एमपीएल परिवहन के अधीन संचालित एक हाईवा ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटर सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में हाईवा का पिछला पहिया मनोज सिन्हा के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वीणा घोष गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस और स्थानीय विधायक अरूप चटर्जी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का दिन-रात आवागमन होता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस सड़क पर कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय करने, भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें