बोकारो। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई रिश्वत मांगने और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोपों के बाद की गई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बालीडीह थाना में नए नियमित थाना प्रभारी की नियुक्ति होने तक हेडक्वार्टर डीएसपी को थाने के संचालन और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मामला एक जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। इससे पहले इसी प्रकरण में बालीडीह थाना के जमादार याकूब अंसारी को कथित रूप से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। जमादार की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ी और कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके बाद थाना प्रभारी भी जांच के घेरे में आ गए।
शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि कुछ भू-माफियाओं द्वारा उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया था। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। पीड़ित का दावा है कि जब वह न्याय की उम्मीद लेकर बालीडीह थाना पहुंचे तो कार्रवाई के बदले उनसे रिश्वत मांगी गई।
आरोप है कि रिश्वत देने से इनकार करने पर शिकायतकर्ता के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें थाने से भगा दिया गया। शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कराई।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


