सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टाटा मैजिक वाहन में सवार दो लोग घायल हो गए। हादसा चिलगु के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर हुआ, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने पहले टाटा मैजिक को टक्कर मारी और फिर एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और पहले सामने चल रही टाटा मैजिक वाहन से टकरा गया। इसके बाद ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे के बाद ट्रक डिवाइडर से जा टकराया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान चिलगु निवासी जितेन दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी आवश्यक कार्य से बाइक पर सवार होकर एनएच की ओर जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन घटनास्थल पहुंचे। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चिलगु क्षेत्र में पुल निर्माण कार्य के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग को सिंगल लेन कर दिया गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उनका आरोप है कि इस स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक को बाइक सवार को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।


