जमशेदपुर में बच्चा चोरी की अफवाह से हड़कंप, घर में घुसी दो महिलाओं को लोगों ने पकड़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती में रविवार सुबह बच्चा चोरी की आशंका को लेकर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दो महिलाएं एक घर में घुसकर बच्चे को ले जाने का प्रयास कर रही थीं। हालांकि शोर मचने पर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, कुंवर बस्ती निवासी बालेश्वर बेरा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5:50 बजे दो महिलाएं उनके घर में घुस गई थीं। उनका आरोप है कि महिलाएं उनके बच्चे को उठाकर ले जाने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नींद खुल गई और उन्होंने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

बालेश्वर बेरा के मुताबिक, वह सुबह करीब चार बजे टहलने के लिए घर से निकले थे और लौटने के बाद दोबारा सो गए थे। इस दौरान घर का मुख्य गेट खुला रह गया था। इसी का फायदा उठाकर दोनों महिलाएं घर के अंदर प्रवेश कर गईं। उन्होंने दावा किया कि समय रहते नींद खुलने से संभावित घटना टल गई।

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने दोनों महिलाओं से पूछताछ की और बच्चा चोरी की आशंका जताते हुए उन्हें पकड़कर रखा। इस दौरान कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ मारपीट भी की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों महिलाओं में से एक की गोद में एक बच्चा था, जबकि दूसरी महिला खुद को दृष्टिबाधित (अंधा) बता रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इन महिलाओं को पहले कभी इलाके में नहीं देखा था, जिससे संदेह और बढ़ गया।

सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर रही है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें