धनबाद। जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित अपनों घर परिसर में रविवार देर शाम एक युवती के साथ कथित रूप से जबरदस्ती करने की कोशिश के आरोप को लेकर हंगामा मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए थाना ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती झारखंड से बाहर की रहने वाली बताई जा रही है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी सहेलियों के साथ नौकरी की तलाश में मुंबई जा रही थी। यात्रा के दौरान उसके महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र खो गए और धनबाद में उसकी ट्रेन भी छूट गई। इसी दौरान बरमसिया निवासी राजू कुमार नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसे दस्तावेज बनवाने और नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि इसी बहाने युवती को गोविंदपुर रोड स्थित अपनों घर परिसर के एक फ्लैट में ले जाया गया। रविवार रात अचानक युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां युवती ने अपने साथ जबरदस्ती करने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया।
घटना की जानकारी मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती तथा आरोपित युवक को पूछताछ के लिए थाना ले गई। जिस फ्लैट में युवती को ठहराया गया था, उसके मालिक से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती फ्लैट तक कैसे पहुंची, वहां उसे किस परिस्थिति में रखा गया था और उसके लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल युवती का बयान दर्ज किया जा रहा है और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

