विक्की सोनी हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

हजारीबाग: बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के समीप हुए चर्चित विक्की सोनी हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। साथ ही उन्होंने कई अन्य लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी कबूल की है। पुलिस को उम्मीद है कि इनकी गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों का भी खुलासा हो सकेगा।

केदारनाथ यात्रा पर जाने के दौरान हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 8 जून की शाम हजारीबाग के ओकनी निवासी व्यवसायी विक्की कुमार सोनी अपने एक मित्र के साथ कोडरमा जा रहे थे। वहां से उन्हें केदारनाथ यात्रा के लिए ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान बरही के करसो पुल के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मारकर हत्या कर दी थी।

घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव था।

बिहार से दबोचे गए आरोपी

एसआईटी ने घटनास्थल से मिले साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए नवादा (बिहार) निवासी विक्रम कुमार और गया निवासी दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की ग्रे रंग की हुंडई कार (JH02AE-0232) और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

कई मामलों में शामिल रहे हैं आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनका आपराधिक इतिहास रहा है। बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उनके नेटवर्क तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से मिला सफलता

इस सफल अभियान में बरही एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर, थाना प्रभारी बिनोद कुमार तथा तकनीकी शाखा के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच जारी है और जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें