अब बस से सफर करना होगा महंगा, रांची-हजारीबाग समेत कई रूटों पर बढ़ा किराया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

कोडरमा: कोडरमा और आसपास के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। 1 जून से जिले में बस यात्रा महंगी हो गई है। कोडरमा जिला बस ऑनर्स एसोसिएशन ने विभिन्न रूटों पर चलने वाली एसी और नॉन-एसी बसों के किराए में 15 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। नई दरें रविवार से प्रभावी हो गई हैं।

झुमरीतिलैया बस स्टैंड के समीप आयोजित बस संचालकों की बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। बस संचालकों का कहना है कि डीजल की बढ़ती कीमतों, वाहन रखरखाव, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्चों में लगातार वृद्धि के कारण किराया बढ़ाना आवश्यक हो गया था। उन्होंने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों से किराए में कोई संशोधन नहीं किया गया था।

प्रमुख रूटों का नया किराया

रूट पुराना किराया नया किराया
झुमरीतिलैया – रांची (एसी) ₹350 ₹400
झुमरीतिलैया – रांची (नॉन-एसी) ₹300 ₹350
झुमरीतिलैया – हजारीबाग (एसी) ₹120 ₹150
झुमरीतिलैया – हजारीबाग (नॉन-एसी) ₹120 ₹140
झुमरीतिलैया – रामगढ़ (एसी) ₹200 ₹250
झुमरीतिलैया – रामगढ़ (नॉन-एसी) ₹200 ₹220
झुमरीतिलैया – गिरिडीह (नॉन-एसी) ₹200 ₹250
झुमरीतिलैया – नवादा (एसी) ₹170 ₹200
झुमरीतिलैया – नवादा (नॉन-एसी) ₹150 ₹180
झुमरीतिलैया – चतरा (नॉन-एसी) ₹200 ₹220

बस किराए में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ेगा। खासकर रोजाना यात्रा करने वाले नौकरीपेशा, छात्र और व्यवसायियों को अब अधिक खर्च उठाना होगा। वहीं बस संचालकों का कहना है कि बढ़ती लागत के बीच सेवाओं को जारी रखने के लिए यह फैसला जरूरी था।

Leave a Comment

और पढ़ें