साहिबगंज में “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान की शुरुआत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर

साहिबगंज। जिले में महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर शुक्रवार से विशेष जागरूकता अभियान “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” की शुरुआत की गई। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान का शुभारंभ उप विकास आयुक्त  सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में किया गया। यह अभियान 28 मई से 4 जून 2026 तक जिले भर में चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर महिलाओं एवं किशोरियों में जागरूकता फैलाना तथा समाज में फैली झिझक, संकोच और भ्रांतियों को दूर करना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि माहवारी स्वच्छता केवल महिलाओं तक सीमित विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुरुषों को भी इस विषय में संवेदनशील और जागरूक बनाने की जरूरत है, ताकि वे महिलाओं एवं किशोरियों को बेहतर सहयोग दे सकें।

कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग शशि शेखर सिंह ने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “सभी किशोरियों एवं महिलाओं के लिए माहवारी अनुकूल वातावरण का निर्माण” रखी गई है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जोड़कर माहवारी से जुड़े विषयों पर खुलकर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में रेड डॉट प्रदर्शित कर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को माहवारी स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

इस मौके पर विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला एवं प्रखंड समन्वयक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें