संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गढ़वा: जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुंबा गांव स्थित अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह तालाब में दोनों के शव मिलने के बाद पूरे गांव में मातम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की 8 वर्षीय बेटी प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीय बेटी रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घर से लकड़ी चुनने के लिए बहवा पहाड़ की ओर निकली थीं। शाम तक दोनों बच्चियां वापस घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने रातभर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ बच्चे शौच के लिए अकेलवा तालाब के पास पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब में तैर रहे दो शवों पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर उंटारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी के कारण दोनों बच्चियां तालाब में नहाने उतरी थीं और गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से डूब गईं।
ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि इस तालाब में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि तालाब के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर घेराबंदी कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
वहीं, मृत बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।







