संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
Palamu जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है। बेटी के प्रेम संबंध से नाराज एक पिता ने अपनी ही बेटी की टांगी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी अगस्त कुमार अपनी बेटी अंजली के प्रेम संबंध को लेकर काफी नाराज थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने बेटी को मोबाइल पर किसी युवक से बात करते हुए देखा था और फोन में कुछ तस्वीरें भी मिली थीं। इसी बात को लेकर घर में तनाव का माहौल बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि जब अंजली अपने कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी पिता वहां पहुंचा और टांगी से उस पर हमला कर दिया। हमला इतना बेरहम था कि अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में उसकी मां और भाई भी मौजूद थे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना के बाद आरोपी पिता घर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली है।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि पिता अपनी बेटी के मोबाइल में कुछ फोटो देखने के बाद बेहद गुस्से में था। इसी नाराजगी में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी Uttam Kumar Rai ने बताया कि मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।






