#संथाल_हूल_एक्सप्रेस_डेस्क
Dhanbad जिले के निरसा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शिवलीबाड़ी उत्तर पंचायत के रहमत नगर में पिछले दो सप्ताह से पानी की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच पानी नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। मुखिया मलका मेहर निगार के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने मैथन रोड मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के अनुसार झिलिया पुल निर्माण के दौरान पानी की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। निर्माण एजेंसी की ओर से जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया गया था, लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। पानी की कमी के कारण रहमत नगर के करीब 500 परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि संवेदक की ओर से भेजा जा रहा एक पानी का टैंकर इतने बड़े इलाके के लिए पर्याप्त नहीं है। भीषण गर्मी में लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर कुमारधुबी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण पाइपलाइन मरम्मत का काम शुरू होने तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और संवेदक से संपर्क किया।
करीब तीन घंटे बाद मिस्त्री मौके पर पहुंचे और पाइप जोड़ने का काम शुरू किया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर आवागमन बहाल किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में फिर पानी की समस्या हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
#Dhanbad #Nirsa #WaterCrisis #Jharkhand #Heatwave #BreakingNews #JharkhandNews #RoadJam #WaterProblem #SummerCrisis





