झारखंड में 25 मई से 2 जून तक हीटवेव का अलर्ट, बढ़ेगी गर्मी और उमस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

Jharkhand समेत राजधानी Ranchi में इन दिनों तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप और दिन चढ़ते ही चल रही गर्म हवाओं के कारण आमजन बेहाल हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा और बाजारों में भीड़ कम देखने को मिल रही है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 25 मई से 2 जून तक नौतपा का प्रभाव रहेगा। इस दौरान राज्य में भीषण गर्मी, लू और तेज तपिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ेगा और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।

शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को तापमान 40 डिग्री, 24 मई को 41 डिग्री और 25 मई तक 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। विभाग ने लोगों को लू और गर्मी से सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मई के अंतिम सप्ताह में सूर्य की किरणें भारत के मैदानी इलाकों पर अधिक सीधी पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। इसी कारण उमस और गर्मी दोनों में बढ़ोतरी होती है तथा रात के तापमान में भी इजाफा दर्ज किया जाता है।

भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रात में बिजली गुल होने से पंखे और कूलर बंद पड़ जाते हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है और उनकी नींद भी प्रभावित हो रही है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

और पढ़ें