पुराने पुल के नीचे पानी में तैरता मिला युवती का शव, इलाके में सनसनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

Giridih: नगर थाना क्षेत्र के सरिसिया सिहोडीह पुराने पुल के नीचे शुक्रवार को एक 17 वर्षीय युवती का शव पानी में तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरिसिया निवासी योगेश दास की पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पायल पिछले दो दिनों से लापता थी। परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और युवती की पहचान की।

परिजनों ने बताया कि घर से निकलने के बाद पायल की आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने कहा था कि वह “10 मिनट में घर पहुंच रही हूं।” इसके कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद परिवार लगातार रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन करता रहा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर थाना पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल और अन्य तथ्यों की जांच कर युवती की मौत के पीछे की सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

और पढ़ें