संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा में रविवार दोपहर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वेल्डिंग का काम कर रहे युवक के सिर पर अज्ञात हमलावर ने स्टील की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी निवासी करीब 30 वर्षीय मोहम्मद मुमताज उर्फ आशिक रविवार दोपहर लगभग तीन बजे अपने कार्यस्थल पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक पीछे से आया और स्टील की रॉड से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मुमताज मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत घायल युवक को Tata Main Hospital पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया है। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गहरी चोट लगने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल के भाई मोहम्मद फैयाज ने बताया कि मुमताज की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, जिससे परिवार इस घटना से सदमे में है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और आरोपी की पहचान भी नहीं हो पाई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा हमलावर की तलाश में छापेमारी की जा रही है।








