चंद्रनाथ राठ हत्याकांड: मौके पर पहुंची सीआईडी टीम, जांच तेज।   रिलायंस इलाके के पास भाजपा नेता के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी सीआईडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



कोलकाता।  पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के बीच बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में भाजपा नेता एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ राठ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यामग्राम इलाके में रिलायंस प्रतिष्ठान के समीप हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ राठ अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिलायंस क्षेत्र के पास पहले से घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड चली गोलियों में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अपराध अनुसंधान विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सीआईडी अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र को घेर लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खाली कारतूस, गोलियों के निशान और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

भाजपा ने इस घटना को सुनियोजित राजनीतिक हत्या करार देते हुए पूर्व सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि चुनाव के बाद विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक किसी संगठन या व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों तक पहुंचने का दावा किया गया है।

इस घटना के बाद एक बार फिर पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था और चुनाव बाद हिंसा को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें