संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
पलामू: जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक और सरल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारत सरकार ने Self-Enumeration Portal लॉन्च किया है। अब नागरिक अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे ही अपनी जनगणना स्वयं कर सकते हैं।
पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने इस ऑनलाइन स्व-गणना अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान सभागार में अधिकारियों और पत्रकारों के सामने उन्होंने स्वयं पोर्टल पर पंजीकरण कर इसकी शुरुआत की। उप विकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य उपस्थित लोगों ने भी मौके पर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।
सरकार द्वारा शुरू की गई यह नई व्यवस्था जनगणना को तेज, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। अब तक जनगणना के लिए सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाते थे, लेकिन इस बार नागरिकों को स्वयं जानकारी भरने का विकल्प भी दिया गया है।
उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे se.census.gov.in पर जाकर 1 मई से 15 मई के बीच अपनी स्व-गणना अवश्य करें। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में आम जनता की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है।
गौरतलब है कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण और भविष्य की नीतियां तय की जाती हैं। ऐसे में सभी नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।








