धनबाद में स्लरी हादसा: 4 मजदूरों की मौत, कई के दबे होने की आशंका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है, जहां स्लरी (गीला कोयला) का ढेर ढहने से कम से कम चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शनिवार को बीसीसीएल द्वारा संचालित मुनिडीह वॉशरी में हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान प्रेम बाउरी, मानिक बाउरी, दीपक बाउरी और नारायण यादव के रूप में हुई है। सभी मजदूर असंगठित क्षेत्र से जुड़े थे और स्लरी लोडिंग का काम कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर स्लरी के ढेर से कोयला लोड कर रहे थे, तभी अचानक पूरा ढेर भरभराकर गिर गया और कई मजदूर उसके नीचे दब गए। कुछ मजदूर मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन चार मजदूरों की जान नहीं बच सकी।

मुनिडीह चौकी प्रभारी मनीता कुमारी ने बताया कि चार शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका के मद्देनजर राहत-बचाव अभियान जारी है। मौके पर स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ और बीसीसीएल की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

बचाव दल लगातार मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कुछ मजदूर स्लरी के नीचे दबे हो सकते हैं।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। वहीं, सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई।

और पढ़ें