रांची में पुलिस–अपराधी मुठभेड़, हत्याकांड का शूटर सत्यम पाठक घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क :
राजधानी रांची में पूर्व पार्षद एवं जमीन कारोबारी हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र के कांके डैम के पास पुलिस और कुख्यात शूटर सत्यम पाठक के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें वह घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सत्यम पाठक को घेरने का प्रयास किया। इस दौरान उसने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में आत्मरक्षा के तहत की गई फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

गौरतलब है कि मंगलवार को पंडरा स्थित ओटीसी मैदान के पास जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि इस वारदात को अंजाम देने वाला शूटर सत्यम पाठक था, जबकि पूरे मामले का मास्टरमाइंड विजय टेटे को बताया जा रहा है।

पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें