जामताड़ा में दर्दनाक हादसा, 17 वर्षीय किशोर की बाइक पेड़ से टकराई; मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जामताड़ा | जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। यह घटना भगाबान्ध गांव के पास हुई, जहां बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान करमोई गांव निवासी किशोर मुर्मू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात करीब 11:30 बजे अपने एक रिश्तेदार के घर से लौट रहा था।

इसी दौरान भगाबान्ध गांव के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। नारायणपुर थाना पुलिस ने घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

और पढ़ें