साहिबगंज के पर्यटन विकास को लेकर मंत्री को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें




केंद्रीय प्रवक्ता सह विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने उठाई मांग, शिवगादी धाम के कायाकल्प पर विशेष जोर

बरहेट । साहिबगंज जिले के पर्यटन स्थलों के समग्र विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय प्रवक्ता सह केंद्रीय सचिव एवं विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा  ने पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री संदीप कुमार सोनू से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विशेष रूप से बरहेट प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवगादी धाम के समुचित विकास, सुंदरीकरण तथा श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई। इसके साथ ही साहिबगंज जिले के अन्य ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि साहिबगंज जिला अपनी प्राकृतिक सुंदरता, गंगा नदी के तट, पहाड़ी क्षेत्रों और ऐतिहासिक धरोहरों के कारण पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है। यदि इन स्थलों का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए, तो यह क्षेत्र राज्य के प्रमुख पर्यटन सर्किट में शामिल हो सकता है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुलाकात के दौरान पंकज मिश्रा ने कहा कि शिवगादी धाम में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, आवासीय सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।


इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में युवा जिला अध्यक्ष संजय गोस्वामी एवं शिवगादी प्रबंध समिति, बरहेट के अध्यक्ष रूपक कुमार शाह भी उपस्थित रहे। जिले के पर्यटन स्थलों के त्वरित विकास की आवश्यकता पर बल दिया। मंत्री संदीप कुमार सोनू ने ज्ञापन पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार पर्यटन विकास को लेकर गंभीर है और साहिबगंज जिले की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

संवाददाता कुंदन कुमार गुप्ता

Leave a Comment

और पढ़ें