बरहरवा/तीनपहाड़। रेलवे सुरक्षा बल को चोरी की घटना के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। 12 अप्रैल को हुई चोरी की घटना के बाद चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम, जिसमें एएसआई बबूल दास, एएसआई सुरेश पासवान सहित कांस्टेबल अमन कुमार, नितेश कुमार, शिवम कुमार सिंह, चंदन कुमार राम एवं सतीश कुमार शामिल थे, स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक पर एक युवक संदिग्ध स्थिति में घूमता हुआ पाया गया।
पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से कुल चार मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें एक मोबाइल उसका स्वयं का था, जबकि तीन महंगे मोबाइल फोन चोरी के पाए गए। सभी मोबाइल बिना सिम कार्ड के थे और उनके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार युवक की पहचान आनंद कुमार महतो (उम्र 22 वर्ष), निवासी साहिबगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह यात्रियों से मोबाइल चोरी कर उन्हें बेचने के उद्देश्य से तीनपहाड़ आया था।
बरामद मोबाइल फोन में सैमसंग एस 25 अल्ट्रा फाइव जी, आईफोन 14 प्रो तथा आईफोन 13 शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग दो लाख पच्चीस हजार नौ सौ निन्यानवे रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा बरामद मोबाइल के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया। इस संबंध में जीआरपी बरहरवा द्वारा मामला संख्या 18/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।









