प्रधानमंत्री आज रात देश को करेंगे संबोधित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मुद्दे पर सस्पेंस; लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक पास नहीं होने के बाद बढ़ी हलचल

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात साढ़े आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन का विषय आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया गया है, जिससे राजनीतिक हलकों में विभिन्न तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि वे हाल ही में संसद में हुए घटनाक्रम, विशेषकर महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक और उससे उत्पन्न राजनीतिक स्थिति पर अपनी बात रख सकते हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा में शुक्रवार को महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सका। इस विधेयक में लोकसभा की सीटों को वर्तमान 543 से बढ़ाकर 816 करने तथा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा गया था। मतदान के दौरान विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 मत पड़े, जबकि इसे पारित करने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी, जिसके चलते यह विधेयक गिर गया।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा करते हुए विपक्ष के रुख की आलोचना की और कहा कि महिला आरक्षण का समर्थन नहीं करना एक गंभीर राजनीतिक भूल है। वहीं विपक्षी दलों ने इस विधेयक को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता Priyanka Gandhi ने इसे सत्ता में बने रहने की रणनीति करार देते हुए कहा कि विपक्ष का विरोध लोकतंत्र की जीत है।

बताया जा रहा है कि यह पहला अवसर है जब प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार अपने कार्यकाल में लोकसभा में कोई प्रमुख विधेयक पारित कराने में असफल रही है। इसके साथ ही स्पष्ट हो गया है कि नई जनगणना से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होना संभव नहीं होगा, जिससे 2029 के आम चुनाव में इसके प्रभाव की संभावना कम हो गई है।

इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा लाए गए अन्य संबंधित विधेयक, जिनमें परिसीमन संशोधन और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन शामिल थे, उन्हें मतदान के लिए प्रस्तुत नहीं किया गया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि ये विधेयक मुख्य विधेयक से जुड़े हुए हैं, इसलिए अलग से मतदान की आवश्यकता नहीं समझी गई।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री का आज का संबोधन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संसद में गतिरोध और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण संकेत दे सकता है। देशभर की निगाहें अब इस संबोधन पर टिकी हुई हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें