पाकुड़ में खनन घोटाले की CBI जांच की मांग, भाजपा ने उठाए गंभीर सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाकुड़ । जिले में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने झारखंड में कथित खनन घोटाले को लेकर बड़ा मुद्दा उठाया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग करते हुए कहा कि राज्य में अवैध खनन से जुड़े गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बालू, कोयला और पत्थर के अवैध उत्खनन की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने विधायक प्रदीप यादव के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि संथाल परगना क्षेत्र में बड़े स्तर पर राजस्व की चोरी हो रही है, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

सरिता मुर्मू ने बिना वैध चालान खनिजों की ढुलाई और जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) ट्रस्ट फंड में संभावित अनियमितताओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि इन मामलों की गहराई से जांच नहीं हुई तो सच्चाई सामने नहीं आ पाएगी और दोषी बच निकलेंगे।

उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र और विश्वसनीय एजेंसी से कराई जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

इस बयान के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और खनन से जुड़े मुद्दों पर आने वाले दिनों में बहस और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें