बरहरवा /साहिबगंज। थाना क्षेत्र के हाटपाड़ा मोहल्ले में निर्माण कार्य के दौरान एक टाइल्स कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गया। काम करते समय संतुलन बिगड़ने से वह दो मंजिला मकान की छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धोबीपोखर निवासी 30 वर्षीय लख्खू नादव एक निर्माणाधीन मकान की छत पर टाइल्स बिछाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे नीचे गिट्टी पर आ गिरे। गिरने से उन्हें कमर में गंभीर चोट आई और शरीर में सूजन हो गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल कारीगर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरहरवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बिना सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम करना मजदूरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
प्रशासन से मांग की गई है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।








