हिरणपुर।
हिरणपुर थाना क्षेत्र के खजूरडांगा गांव में नाबालिग युवती की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज कांड में शामिल तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बताया जाता है कि 23 जनवरी को खजूरडांगा गांव स्थित एक कुएं से पुलिस ने नाबालिग युवती का शव बरामद किया था। मृतका की पहचान गांव निवासी बड़का मरांडी की 14 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई थी। वह 18 जनवरी से घर से लापता थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने हिरणपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में मृतका के पिता ने गांव के ही अल्बिनुस टुडू को नामजद आरोपी बनाया था, जिसे पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। शुक्रवार को इसी क्रम में पुलिस ने हत्या में शामिल तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इस कार्रवाई में एसआई अमरजीत मिश्रा, एएसआई सनातन मांझी सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।








