देवीनगर–गांगमुड़ी में जागरूकता रैली व पौधारोपण के माध्यम से संरक्षण का संदेश
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
देवीनगर ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम देवीनगर एवं गांगमुड़ी में प्रवाह संस्था एवं नेचर नेटवर्क द्वारा प्रकृति नमन दिवस का आयोजन आज एवं के संयुक्त तत्वावधान में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को प्रकृति संरक्षण, सतत कृषि एवं पर्यावरणीय संतुलन के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर ग्राम के किसानों एवं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान मानव जीवन, कृषि और पर्यावरण में प्रकृति की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, देशी बीजों के उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा स्वस्थ मिट्टी से स्वस्थ फसल और स्वस्थ समाज के निर्माण की आवश्यकता पर जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को प्लास्टिक के उपयोग से परहेज करने, पेड़-पौधों एवं जीव-जंतुओं की सुरक्षा करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं किसानों को पानी की बचत, वर्षा जल संचयन, तालाब निर्माण, वृक्षारोपण, जलवायु-अनुकूल खेती, जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने, रासायनिक खादों के न्यूनतम उपयोग और स्थानीय संसाधनों के संरक्षण हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर महिला किसानों एवं पंचायत उपमुखिया द्वारा पौधारोपण कर अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सन्नी कुमार, सब्बीर अंसारी सहित ग्राम सेवा टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम के समापन पर ग्राम सेवा कार्यक्रम प्रबंधक बरुन कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि संरक्षित खेती, जलवायु-अनुकूल खेती और जैविक खेती को अपनाकर न केवल प्रकृति का संरक्षण संभव है, बल्कि स्वस्थ जीवन के साथ सशक्त किसान का निर्माण भी किया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।








