सुरज राणा की हत्याकांड में 8 गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डी.जे. बजाने को लेकर हुआ था विवाद

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

हजारीबाग : लोहसिंघना थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रपुरी चौक के समीप दिनांक 01 जनवरी 2026 को हुई मारपीट की घटना में मृतक सुरज राणा की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए 08 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। हत्या में प्रयुक्त तलवार एवं बेसबॉल बैट भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलघटी में डी.जे. बजाने को लेकर हुए विवाद में कुछ अपराधियों द्वारा प्रतिशोध की भावना से तलवार, डंडा एवं अन्य हरवे-हथियारों से लैस होकर रात्रि करीब 10 बजे इन्द्रपुरी चौक के पास सुरज कुमार राणा की निर्मम पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में कुलदीप सोनी नामक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के उपरांत मृतक की पत्नी काजल कुमारी, निवासी मंडईखुर्द, थाना लोहसिंघना, जिला हजारीबाग के लिखित आवेदन के आधार पर लोहसिंघना थाना कांड संख्या 01/26, दिनांक 02.01.2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
कांड के उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT टीम द्वारा नई दिल्ली, भिलाई (म.प्र.), नोएडा (उ.प्र.), चतरा, रामगढ़, रांची तथा बड़कागांव थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में दिनांक 10 जनवरी 2026 को सूचना के आधार पर नोएडा सेक्टर-126 (उ.प्र.) से 03 अभियुक्त राहुल कुमार, रौशन कुमार एवं दीपक कुमार को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया। कड़ाई से पूछताछ के बाद अन्य 04 अभियुक्तों सोनु कुमार, राहुल उर्फ लोला, अमन कुमार उर्फ रोहन तथा मुकेश कुमार को बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराडीह से गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त एक विधि-विवादित किशोर को कोलघटी से निरुद्ध किया गया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त खून लगा तलवार एवं खून लगा बेसबॉल बैट को जप्त किया गया है। इस छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, लोहसिंघना, बड़कागांव एवं अन्य थाना/ओपी के थाना प्रभारियों सहित तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Comment

और पढ़ें