धनबाद : बेकाबू कार की टक्कर से महिला की मौत, युवक की हालत नाजुक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस | डेस्क रिपोर्ट

धनबाद (DHANBAD) : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के सत्यम नगर के पास नए साल के पहले दिन हुई सड़क दुर्घटना में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि हादसे में घायल युवक की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल देखा गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सत्यम नगर के समीप सड़क किनारे खड़ी एक महिला और युवक को तेज रफ्तार एक बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गिरिडीह निवासी मुदीका खातून गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में सत्यम नगर–बरवाअड्डा–धनबाद मुख्य मार्ग पर जमा हो गए और जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग करने लगे।

इस दुर्घटना में घायल युवक की पहचान तौफीक अंसारी के रूप में हुई है, जो BIT सिंदरी का छात्र बताया जा रहा है। युवक का इलाज अभी चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मृत महिला और घायल युवक के परिजनों ने जिला प्रशासन से दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही घायल युवक के बेहतर इलाज और मृत महिला के परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें