SDPO विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
राजमहल | संथाल हूल एक्सप्रेस
राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडई स्थित एक गैरेज में बुजुर्ग की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।
एसडीपीओ ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 9:10 बजे राजमहल थाना को सूचना प्राप्त हुई कि मंडई स्थित एक गैरेज में एक बुजुर्ग की गला काटकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक साहेबगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजमहल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इरफान शेख उर्फ फारूख शेख (उम्र 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी बेगमपुरा, मंडई, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज का निवासी है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आरी को बरामद कर लिया गया है।
इस मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 01/2026, दिनांक 01 जनवरी 2026 को धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
जप्त सामग्री
हत्या में प्रयुक्त आरी
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजमहल – श्री विमलेश त्रिपाठी
पुलिस निरीक्षक, राजमहल प्रभाग – श्री राजीव रंजन
थाना प्रभारी, राजमहल – हसनैन अंसारी
थाना प्रभारी, राधानगर – अमर मिंज
थाना प्रभारी, तीनपहाड़ – मृत्युंजय पाण्डेय
अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।









