तीनपहाड़। शनिवार को आरपी विद्या विहार के प्रांगण में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 1 से 6 तक के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान आधारित मॉडल आकर्षण का केंद्र बने और उपस्थित लोगों ने बच्चों की रचनात्मकता व वैज्ञानिक सोच की सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय रहे। विद्यालय पहुंचने पर उन्हें विद्यालय के डायरेक्टर गौतम कुमार एवं प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार द्वारा शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ नवाचार की भावना विकसित करते हैं।

विज्ञान प्रदर्शनी को देखने के लिए विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावक भी बड़ी संख्या में पहुंचे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने अपने-अपने मॉडलों के माध्यम से विज्ञान से जुड़ी जानकारियां सरल भाषा में प्रस्तुत कीं, जिससे अभिभावक और अतिथि काफी प्रभावित नजर आए। मौके पर शिक्षक मो. अफजल हसन, अरत दास, असगर अंसारी, बिरेंद्र यादव, करण कुमार, मो. आमिर अंसारी, सोना कुमारी, रौशनी परवीन, निकिता कुमारी, सोनी कुमारी, अतिया परवीन, मुस्कान खातून सहित अन्य शिक्षक एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित थे। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।








