रांची (RANCHI):
भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा और उनके सफर को यादगार बनाने के लिए लगातार नए प्रयोग कर रहा है। इसी कड़ी में अब वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में क्षेत्रीय और पारंपरिक व्यंजनों को शामिल किया जा रहा है, ताकि यात्री यात्रा के दौरान अपने इलाके के खास स्वाद का आनंद ले सकें।
इसी पहल के तहत पटना–रांची के बीच चलने वाली 22349 पटना–रांची वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए एक विशेष व्यवस्था की गई है। अब इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को बिहार का प्रसिद्ध चंपारण पनीर परोसा जा रहा है। इससे पटना से रांची और रांची से पटना की यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन में ही बिहार की पारंपरिक स्वाद-संस्कृति का अनुभव मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और परंपरा से जोड़ना है। रेलवे का मानना है कि अब ट्रेन यात्रा सिर्फ तेज़ और सुरक्षित सफर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह स्वाद और संस्कृति से जुड़ा एक खास अनुभव भी बनेगी।
यात्रियों ने भी इस नई व्यवस्था की सराहना की है और कहा है कि क्षेत्रीय व्यंजनों को ट्रेन में शामिल करना एक सराहनीय और अनोखा प्रयास है। इससे लंबी दूरी की यात्रा और भी आनंददायक हो गई है।
भारतीय रेलवे आने वाले समय में अन्य वंदे भारत ट्रेनों में भी अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों को शामिल करने की योजना बना रहा है, ताकि देश की विविधता का स्वाद यात्रियों तक पहुंच सके।









