पूर्वी सिंहभूम। जिले के पोटका थाना क्षेत्र से मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नवनियुक्त 21 वर्षीय महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की उसके प्रेमी गणेश माझी ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने भी आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना छोटा सिगदी के पास उस समय हुई, जब ज्योतिका थाना से ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रही थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गणेश माझी लगातार ज्योतिका पर चौकीदारी की नौकरी छोड़ने का दबाव बना रहा था। उसने स्पष्ट तौर पर कहा था कि वह उसे नौकरी नहीं करने देगा। ज्योतिका ने नौकरी छोड़ने से इंकार करते हुए अपने फैसले पर अडिग रहने की बात कही। इसी को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया और अंततः यह विवाद हिंसक वारदात में बदल गया।
बताया गया है कि थाना से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर आरोपी ने रास्ते में ज्योतिका पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका कालिकापुर पंचायत के केंडमूड़ी गांव की रहने वाली थी और हाल ही में चौकीदार के पद पर उसकी नियुक्ति हुई थी, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था।
इधर, मरने से पहले आरोपी गणेश माझी ने एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उसने दावा किया कि वह ज्योतिका के साथ नौ वर्षों से संबंध में था और उसने उसे धोखा दिया। वीडियो में आरोपी ने पोटका थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि थाना प्रभारी ने चौकीदार से किसी भी प्रकार के संबंध से स्पष्ट इनकार किया है और आरोपों को निराधार बताया है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद हेंसलबिल पंचायत के जाहातू निवासी आरोपी गणेश माझी ने भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी का शव बरामद कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू, बीडीओ अरुण मुंडा, सीओ निकिता बाला समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं—वीडियो संदेश, कॉल डिटेल्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान—की जांच कर रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।








