बढ़ताल्लाह में बिजली संकट दूर — 24 घंटे में लगा नया 63 KVA ट्रांसफॉर्मर संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरहरवा प्रखंड के पलासबोना पंचायत अंतर्गत बढ़ताल्लाह ग्राम में बीते कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीण परेशान थे। गांव में लगे 25 KVA ट्रांसफॉर्मर के जल जाने के बाद अंधेरा पसरा रहा, जिससे लोगों के दैनिक कार्यों पर गंभीर प्रभाव पड़ा। शाम होते ही गांव पूरी तरह अंधेरे में डूब जाता था और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।

लगातार बढ़ रही समस्या और असुविधा से चिंतित ग्रामीणों ने झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर से मुलाकात कर बिजली बहाली की गुहार लगाई। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए श्री गफूर ने तत्काल मामले की जानकारी राजमहल के सांसद विजय कुमार हांसदा को फोन द्वारा दी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सांसद विजय कुमार हांसदा के त्वरित हस्तक्षेप और पहल के बाद महज़ 24 घंटे के भीतर गांव में 63 KVA का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित करा दिया गया। ट्रांसफॉर्मर लगते ही पूरे गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी।

बिजली आने के बाद बच्चों की पढ़ाई में आई रुकावटें खत्म हुईं, वहीं गृहिणियों, किसानों और छोटे व्यापारियों को भी राहत मिली। गांव के लोग सांसद और प्रखंड अध्यक्ष के प्रयासों से संतुष्ट हैं तथा उनके प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अब वे उम्मीद करते हैं कि भविष्य में भी ऐसी आवश्यक समस्याओं का समाधान समय पर होता रहेगा, जिससे विकास की रोशनी गांव-गांव तक पहुंच सके।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें