संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क।
रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित हेसल टोलगेट के पास एक दंपति पर देर रात धारदार हथियार से हमला किया गया। इस हमले में महिला ममता देवी (31) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति दिनेश्वर करमाली (45) गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल में उपचाररत है।
घायल दिनेश्वर करमाली ने पुलिस को दिए बयान में अपने ही भांजे सुदामा पर हत्या और हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पहले सुदामा उनके परिवार के साथ रहने लगा था। इसी दौरान सुदामा और ममता देवी के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित प्रेम प्रसंग की शुरुआत हुई। पति-पत्नी के बीच इसे लेकर कई बार तनाव भी बना रहता था।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और आपसी विवाद की ओर इशारा करता है। घटना के बाद आरोपी सुदामा फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।









