संथाल हुल एक्सप्रेस डेस्क।
झारखंड में मौसम अचानक करवट बदलने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में तापमान तेजी से गिरने लगा है। लगातार ठंडी हवाओं के कारण आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डॉक्टरों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या 80 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है। विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
वहीं मौसम विभाग ने भी लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार 2 से 5 दिसंबर के बीच प्रदेश में कड़ाके की ठंड बढ़ने की संभावना है। रांची और आसपास के क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है।
ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह के स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहने से दृश्यता भी प्रभावित हुई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से गर्म कपड़ों का प्रयोग करने, धूप लेने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में ठंड का असर और ज्यादा देखने को मिल सकता है।








