संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
मध्य पूर्व में जारी तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में एक नई एयर स्ट्राइक को अंजाम दिया है, जिसमें 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हमला ऐन-अल-हिल्वे शरणार्थी शिविर के पास स्थित एक परिसर पर किया गया, जिसे इजराइली सेना ने आतंकवादी गतिविधियों का केंद्र बताया है। इजरायल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हमला उस स्थल पर किया गया, जहां से इजरायल पर हमले की योजना बनाई जा रही थी।
इजराइल का दावा है कि इस क्षेत्र में मौजूद समूह उसके खिलाफ लगातार हमलों की तैयारी कर रहे थे। वहीं लेबनान के स्थानीय सूत्रों ने बताया कि एयर स्ट्राइक से शिविर के आसपास रहने वाले नागरिक भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं, लेकिन प्रभावित इलाकों में भारी नुकसान की खबर है।
इजराइली सेना पिछले कई दिनों से लेबनान सीमा पर मौजूद हिजबुल्लाह और हमास के ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है। इजरायल का कहना है कि वह अपनी सुरक्षा के मद्देनज़र यह ऑपरेशन चला रहा है। सीमा पर दोनों पक्षों के बीच बढ़ती झड़पों ने क्षेत्र को फिर अस्थिर बना दिया है, जिससे युद्ध की आशंका गहराती नजर आ रही है।
लेबनान सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र ने भी हालात पर चिंता जताते हुए दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। लगातार बढ़ते तनाव के बीच सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में भय और अनिश्चितता का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पड़ोसी देशों में भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।








