पीएम किसान योजना: आज किसानों के खातों में आएंगे 2 हजार रुपये, करोड़ों लाभार्थी होंगे लाभान्वित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 21वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। केंद्र सरकार आज दोपहर पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000-2,000 रुपये की राशि ट्रांसफर करेगी। यह किस्त सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जा रही है, जिससे देशभर में लगभग 9 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा। किसानों को आर्थिक मदद पहुंचाने के उद्देश्य से जारी की जाने वाली यह किस्त हर वर्ष तीन बार दी जाती है, ताकि खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग मिले।

सरकारी जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोंयंबटूर से दोपहर 2 बजे लगभग 18,000 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण करेंगे। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित कुछ राज्यों के किसानों को इस किस्त का लाभ पहले ही मिल चुका है। इन राज्यों में सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के कारण राशि समय पर भेज दी गई थी। अब शेष राज्यों के किसान भी अपने खातों में 2,000 रुपये की राशि प्राप्त करेंगे।

पीएम किसान योजना के तहत हर पात्र किसान परिवार को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। इस योजना ने छोटे और सीमांत किसानों की आर्थिक मजबूती में अहम भूमिका निभाई है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की खुशी साफ झलक रही है, क्योंकि यह मदद रबी फसल की तैयारी के समय उनके लिए और भी उपयोगी साबित होगी।

किसानों से अपील की गई है कि वे अपने बैंक खातों में राशि की पुष्टि के लिए पीएम किसान पोर्टल या बैंक संदेशों की जांच करते रहें। जिन किसानों का ई-केवाईसी पूरा नहीं है, उन्हें अगली किस्त पाने के लिए जल्द से जल्द अपनी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। सरकार का दावा है कि यह योजना देश के कृषक वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें