रांची, 25 अक्टूबर। झारखंड आंदोलनकारी महासभा ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी सोमेश चन्द्र सोरेन को समर्थन देने का ऐलान किया है। केन्द्रीय समिति अध्यक्ष राजू महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई आवश्यक बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। सोमेश चन्द्र सोरेन स्वर्गीय पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के सुपुत्र हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए महासभा अध्यक्ष राजू महतो ने कहा, “स्व. रामदास सोरेन झारखंड की अस्मिता, आदिवासी अधिकार और गरीबों के सम्मान की लड़ाई के सशक्त योद्धा थे। झारखंड आंदोलन में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई थी।” प्रधान महासचिव मो. कयूम खान ने इस अवसर पर कहा, “यह उपचुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और शहादत की विरासत को बचाने की लड़ाई है। स्व. रामदास सोरेन जैसे सच्चे आंदोलनकारी के पुत्र सोमेश चन्द्र सोरेन झारखंड की उस नई पीढ़ी का प्रतीक हैं, जो अपने पुरखों के अधूरे सपनों को साकार करने की क्षमता रखते हैं।”
वरीय उपाध्यक्ष किशोर किस्कू ने अपने संबोधन में कहा, “झारखंड आंदोलनकारी महासभा हमेशा उन लोगों के साथ खड़ी रही है, जो राज्य की माटी, जल-जंगल-जमीन और हक-अधिकार की बात करते हैं। इसलिए यह समर्थन झारखंड की आत्मा की आवाज़ है।” बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में सोमेश चन्द्र सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रधान महासचिव मो. कयूम खान, वरीय उपाध्यक्ष किशोर किस्कू, उपाध्यक्ष नीरू शांति भगत, महिला संयोजक विनीता खलखो, महासचिव शिव शंकर शर्मा, सीता उरांव, एरेन कच्छप, इसरार अहमद, छत्रपति महतो, प्रवीण सहाय, बिंदिया देवी सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।









