सांसद निशिकांत दुबे पर कसा तंज
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता अश्विनी चौबे ने एकादशी पर बाबा बैद्यनाथ का पूजन किया। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मंत्री राज पलिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संथाल हुल एक्सप्रेस से खास बातचीत में अश्विनी चौबे ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए की जीत का दावा किया और कहा कि भागलपुर सीट इस बार निश्चित रूप से भाजपा के खाते में जाएगी। हमारे जाने के बाद यह सीट भले ही हाथ से चली गई हो, लेकिन इस बार जनता फिर भाजपा को मौका देगी। वहीं, अपने ही पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए चौबे ने कहा कि जिनकी राजनीतिक पैदाइश ही मेरे सामने हुई हो, उनके बयान को मैं गंभीरता से नहीं लेता। गौरतलब है कि निशिकांत दुबे ने हाल ही में भागलपुर में प्रचार के दौरान चौबे परिवार पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। अपराध की घटनाओं पर बोलते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, आज अगर घटनाएं होती हैं तो गिरफ्तारी भी तत्काल होती है। महागठबंधन के शासन में तो अपराधी की गिरफ्तारी एक सपना हुआ करती थी। लंबे राजनीतिक अनुभव के साथ आत्मविश्वास से लबरेज़ अश्विनी चौबे ने कहा, भारतीय जनता पार्टी अपने पूर्ण शिखर पर है, कार्यकर्ताओं में जोश है और एनडीए गठबंधन बिहार में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा।









