घाटशिला उपचुनाव को लेकर त्रि-राज्यीय बैठक, सीमा क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई की रणनीति तय

रांची। घाटशिला विधानसभा सीट के उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण अंतर-राज्यीय बैठक शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड पुलिस के अभियान आईजी एवं राज्य नोडल अधिकारी ने की। 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए, इस बैठक में तीनों राज्यों के सीमावर्ती जिलों के बीच समन्वय और सुरक्षा रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में तय हुआ कि झारग्राम, पुरुलिया पश्चिम बंगाल और मयूरभंज ओडिशा जैसे सीमावर्ती जिलों में संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। इस रणनीति के तहत अपराधियों, नक्सली तत्वों, असामाजिक तत्वों तथा अवैध शराब, मादक पदार्थों, हथियारों और नकदी की अंतर-राज्यीय आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जाएगी। मिरर चेक पोस्ट सक्रिय किए जाएंगे और वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में तीनों राज्यों के डीआईजी, एसपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। यह पहल चुनाव पूर्व तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें सूचना साझाकरण और संयुक्त अभियान चलाने पर सहमति बनी है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment