लोहरदगा। लोहरदगा जिले की बेटी दीक्षा कुमारी को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सर्वोच्च सम्मान से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया है। यह पुरस्कार उन्हें समाजसेवा और जागरूकता अभियानों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।

दीक्षा कुमारी रांची विमेंस कॉलेज में एमए फाइनल वर्ष की छात्रा हैं और लोहरदगा जिले के उगरा गांव की निवासी हैं। 6 अक्टूबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें रजत पदक, प्रमाण पत्र और 1 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।रांची विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई से जुड़ी दीक्षा ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, साक्षरता, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जब दीक्षा लोहरदगा लौटीं, तो स्थानीय लोगों, स्वजनों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस उपलब्धि ने पूरे जिले और राज्य में गर्व की भावना का संचार किया है।