गिरिडीह। मंगलवार देर शाम गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुई अचानक फायरिंग ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। इस घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। यह घटना बरमोरिया स्थित पूर्व कोविड अस्पताल (एएनएम हॉस्टल) के पास हुई। फायरिंग की आवाज सुनते ही स्थानीय निवासी सहम गए। घटना में घायल दशरथ टुडू नामक युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, गोली युवक के शरीर को छूती हुई निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और एक खोखा (खाली कारतूस) बरामद किया है। एसडीपीओ ने सीधे अस्पताल जाकर घायल से बयान दर्ज किए। मुफस्सिल थाना पुलिस के अनुसार, गोलीबारी के कारण और संदिग्धों का पता लगाने के लिए सघन जांच जारी है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही इस मामले में कोई ठोस नतीजे पर पहुंचने का प्रयास कर रही है।