हजारीबाग। पर्यावरण बचाओ के संदेश के साथ रविवार को हजारीबाग में एक अनूठी हरित यात्रा का आयोजन किया गया। हजारीबाग जिला पर्यावरण समिति के तत्वावधान में कन्हरी हिल से टाटीझरिया तक निकाली गई इस साइकिल यात्रा में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
यह यात्रा आगामी 7 अक्टूबर को होने वाले “दूध मटिया-टाटीझरिया वन संरक्षण सह पर्यावरण मेला” की तैयारी का हिस्सा थी। सुबह से ही कन्हरी हिल पर हरे कपड़े और हेलमेट पहने साइकिल सवार जुटने लगे। जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
इससे पहले तरंग ग्रुप द्वारा एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया, जिसमें नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। एक खास आयोजन में वन प्रेमियों ने दूधमटिया जंगल में पेड़ों को रक्षासूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कहा, “प्रकृति और पर्यावरण से प्रेम करें, क्योंकि यही हमारे जीवन का आधार है।” डीएफओ विकास कुमार उज्जवल ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से लोगों में पर्यावरण चेतना बढ़ती है।
यह साइकिल यात्रा टाटीझरिया पहुंचकर एक सामूहिक शपथ के साथ समाप्त हुई, जहां आगामी पर्यावरण मेले की तैयारियों का जायजा भी लिया गया।