महेशपुर (संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता)
महेशपुर प्रखंड के चंडालमारा गांव में सोमवार को दुर्गा पूजा की महासप्तमी तिथि पर नव पत्रिका प्रवेश सह कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शंखनाद करते हुए शामिल हुए।
यात्रा गांव का भ्रमण कर नीचे टोला स्थित शिव मंदिर होते हुए बांसलोई नदी घाट पहुंची, जहां पुरोहित कमलदेव मिश्रा एवं रामकृष्ण आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नव पत्रिका की पूजा व कलश स्थापन विधि संपन्न कराई गई।
इसके बाद जलभरे कलश को वापस मंदिर परिसर लाकर स्थापित किया गया। पुरोहित कमलदेव मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष माता का आगमन व प्रस्थान दोनों गज (हाथी) पर हो रहा है, जो विशेष शुभ संयोग माना जाता है।
इस आयोजन में पूजा समिति के अशोक मंडल, असीत पाल, रमेश पाल, मुकेश मंडल, सागर पाल, शंकर रजक, राजीव मंडल, उत्पल मंडल, मानव पाल, गणेश मंडल, जुगल किशोर मंडल, नव किशोर पाल व मनोज पाल सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे।