26 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मिला एनक्यूएएस प्रमाणन, 7 का परिणाम शेष
पाकुड़ (संथाल हूल एक्सप्रेस) :
एनक्यूएएस मूल्यांकन 2025-26 में पाकुड़ जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अब तक जिले के 26 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को एनक्यूएएस प्रमाणन प्राप्त हो चुका है, जबकि 7 केंद्रों का परिणाम आना शेष है। इस उपलब्धि के साथ पाकुड़ ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
एनक्यूएएस (National Quality Assurance Standards) के तहत सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, संसाधन उपलब्धता, क्लिनिकल सेवाएं, गुणवत्ता प्रबंधन समेत कई मापदंडों पर केंद्रों का मूल्यांकन किया गया।
प्रमाणित संस्थानों को 1.26 लाख रुपये की राशि दी गई है, जिससे सेवाओं में और सुधार होगा।
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि इस वर्ष 50 से अधिक केंद्रों का मूल्यांकन कराया जा रहा है और 2026 तक 100% प्रमाणन का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल को भी एनक्यूएएस व कलाकल्प सर्टिफिकेशन के लिए सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष परिणाम आने के बाद पाकुड़ जिला राज्य में पहला स्थान प्राप्त कर सकता है। इस उपलब्धि से आमजनों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।