लग गया साल 2025 का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण: भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में दृश्य

संथाल हूल एक्सप्रेस सेंट्रल डेस्क नई दिल्ली।
साल 2025 का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण रविवार की रात से लग चुका है। खगोलीय दृष्टिकोण से खास यह घटना रात 9:56 बजे शुरू हुई, जो देर रात 1:26 बजे तक जारी रहेगी।

खगोलविदों के अनुसार रात 11:42 बजे पूर्ण चंद्र ग्रहण अपने चरम पर होगा। भारत के अलावा यह दुर्लभ नजारा लंदन, पेरिस, केपटाउन, इस्तांबुल, बैंकॉक, बीजिंग, टोक्यो और सिडनी जैसे विश्व के कई प्रमुख शहरों में भी देखा जा सकेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि चंद्र ग्रहण को नग्न आंखों से देखना पूरी तरह सुरक्षित है। साथ ही, यदि लोग इसे दूरबीन (बाइनोकुलर) या टेलीस्कोप से देखेंगे तो और भी स्पष्ट व आकर्षक दृश्य का आनंद ले पाएंगे।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भारत में चंद्र ग्रहण का विशेष महत्व माना जाता है। परंपरागत रूप से लोग इस दौरान पूजा-पाठ, मंत्रोच्चारण और स्नान-दान का पालन करते हैं। वहीं, वैज्ञानिक दृष्टि से यह एक प्राकृतिक खगोलीय घटना है जो पृथ्वी, चंद्रमा और सूर्य के एक सीध में आने पर घटित होती है।

खगोलशास्त्रियों और ज्योतिषाचार्यों दोनों के लिए यह चंद्र ग्रहण अध्ययन और मान्यताओं का अनूठा संगम है। शहरों और गांवों में लोग खुले आसमान की ओर निगाहें लगाए इस अद्भुत नजारे का इंतजार कर रहे हैं।


Leave a Comment