पहले पत्नी की गला रेतकर हत्या, सास-ससुर पर चाकू से हमला; फिर युवक ने लगाई फांसी

गोड्डा। जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में शुक्रवार देर शाम पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 32 वर्षीय राजेंद्र पंडित ने पहले अपनी पत्नी ललिता देवी का गला रेतकर हत्या कर दी। पत्नी को बचाने आए ससुर रामदेव पंडित और सास बिजली देवी पर भी चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी युवक ने अपने घर के पास पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

दो मासूम हुए अनाथ
इस दर्दनाक घटना के बाद दो मासूम बच्चों का सहारा छिन गया। मृतका ललिता देवी का मात्र एक माह का शिशु सदर अस्पताल में घायल नानी की गोद में बेसुध होकर सिसकता नजर आया।

विवाद की जड़ और घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार राजेंद्र पंडित बाहर प्रदेश में दिहाड़ी मजदूरी करता था। सात-आठ साल पहले उसकी शादी ललिता देवी से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। पिछले दो साल से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले ही राजेंद्र गांव लौटा था और शुक्रवार को पत्नी के मायके पहुंचा। वहीं किसी बात पर गुस्से में उसने पत्नी की जान ले ली और फिर ससुरालवालों पर हमला कर दिया।

इलाज और पुलिस की कार्रवाई
घायल सास-ससुर को देर रात सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव के मुखिया प्रतिनिधि सिमोन मरांडी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि एक मामूली विवाद ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।

Leave a Comment